हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर कंबाइन मिस्त्री की मौत
Hardoi News - बेनीगंज में 11000 वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से कंबाइन मिस्त्री सुखबीर सिंह की मौत हो गई। वह गेहूं कटाई के दौरान मशीन ठीक करने आए थे। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ जब वह मशीन के ऊपर चढ़े। गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बेनीगंज। नया गांव घरेहरा पुल के पास सरदार के झाले की ओर जा रही 11000 वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से कंबाइन मिस्त्री की मौत हो गई। लालपालपुर निवासी नीरज तिवारी अपनी रिश्तेदारी में नया गांव निवासी सुरेंद्र के यहां गेहूं कटाई को कंबाइन लेकर आए थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे मशीन खराब हो गई। उस वक्त वह हाईटेंशन लाइन के नीचे खड़ी थी। मशीन ठीक करने के लिए धरौली गांव निवासी कंबाइन मिस्त्री सुखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। बताया गया कि जैसे सुखबीर मशीन के ऊपर चढ़े तभी वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े।
गंभीर हालत में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस स्थान पर 11000 वोल्टेज लाइन के तार गुजर रहे हैं, वे काफी नीचे लटक रहे हैं। पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन बिजली विभाग द्वारा केवल खानापूर्ति की जाती है। इससे ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी सीमरण कौर व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मारकंडेय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना रात में मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


