ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मजदूर की मौत, चालक गंभीर घायल
Hardoi News - शाहाबाद के रेभा मुरादपुर में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे 55 वर्षीय मजदूर रफीक की मौत हो गई और चालक खुशनूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तेज गति को हादसे का कारण माना जा रहा है।

शाहाबाद, संवाददाता। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के रेभा मुरादपुर के पास मंगलवार सुबह करीब तीन बजे लकड़ी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इससे मजदूर की मौत हो गई। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से टुर्मुकी की ओर जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने पर वाहन सड़क से उतरकर खाई में जा पलटा। ट्रैक्टर पर सवार बुध बाजार निवासी मजदूर रफीक 55 वर्षीय की हादसे में मौत हो गई। जबकि चालक खुशनूर (40) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रफीक को मृत घोषित कर दिया। चालक खुशनूर की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसका इलाज जारी है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चालक का पता लगाया जा रहा है। तेज गति को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


