
लोडर की टक्कर से बाइक सवार भतीजे की मौत
Hardoi News - हरदोई-सीतापुर नेशनल हाईवे पर टड़ियावां थानाक्षेत्र में एक लोडर ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मारी। हादसे में 18 वर्षीय सुधाकर की मौत हो गई जबकि उसके चाचा रविकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। लोडर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सुधाकर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की है।
हरदोई। हरदोई-सीतापुर नेशनल हाईवे पर टड़ियावां थानाक्षेत्र के शिवलाल पुरवा मोड़ के पास मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक चला रहे भतीजे को लोडर करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। टड़ियावां थाना क्षेत्र के सगरापुर गांव निवासी खेतीबाड़ी करने वाला सुधाकर (18) मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने रिश्ते में चाचा रविकांत (20) के साथ बाइक से कसबा मिश्रिख जनपद सीतापुर मे डीजे का साउंड बनवाने जा रहा था। जैसे ही दोनों शिवलाल पुरवा मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बाइक चला रहा सुधाकर लोडर के अगले हिस्से में फंस गया। इससे वह करीब 50 मीटर तक घसिटता चला गया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। घटना के बाद लोडर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को हरदोई मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां डॉक्टरों ने सुधाकर को मृत घोषित कर दिया। घायल रविकांत का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। बताया गया है कि सुधाकर सात भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी एक बहन रूबी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। फरार लोडर चालक की तलाश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




