
एफआरएस से पोषाहार वितरण न करने पर 300 कार्यकत्रियों को सेवा समाप्ति का नोटिस
Hardoi News - हरदोई में अनुपूरक पोषाहार योजना के तहत टेक होम राशन वितरण में लापरवाही के चलते प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। 300 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सेवा समाप्ति का नोटिस भेजा गया है। सभी कार्यकत्रियों को 100% फेस रिकग्निशन सिस्टम से पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरदोई, संवाददाता। जनपद में अनुपूरक पोषाहार योजना के अंतर्गत टेक होम राशन वितरण में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार के निर्देश पर जिले की सभी 19 बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। 300 कार्यकत्रियों को सेवा समाप्ति का नोटिस भेजा गया है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से एफआरएस (फेस रिकग्निशन सिस्टम) द्वारा ही लाभार्थियों को पोषाहार वितरण अनिवार्य है। इसके बावजूद कई आंगनवाड़ी केंद्रों पर चेहरा प्रमाणीकरण के माध्यम से वितरण नहीं किया जा रहा है। इससे पोषाहार के दुरुपयोग की आशंका बनी हुई है।
निदेशक स्तर की ऑनलाइन समीक्षा बैठक के बाद बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया सभी मुख्य सेविकाओं और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देशित करने के बाद बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। शतप्रतिशत पोषाहार फेस रिकगनाइजेशन से पोषाहार वितरित न किए जाने पर सभी कार्यकत्रियों के मानदेय रोके जाने के आदेश दिए गए हैं। प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की चेतावनी भी दी गई है। संबंधित कर्मियों को दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने बताया जो आंगनवाड़ी कार्यकत्री इस माह 100 प्रतिशत एफआरएस के माध्यम से पोषाहार वितरण सुनिश्चित नहीं करेंगी, उनके विरुद्ध सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय सख्ती के बाद आंगनवाड़ी तंत्र में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि पोषण ट्रैकर और एफआरएस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक लाभार्थियों तक ही पोषाहार पहुंचेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




