
रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कैमरे व स्कैनर नहीं लगे
Hardoi News - दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद हरदोई रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए हैं और यात्रियों के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की कमी है। आरपीएफ के पास आधुनिक उपकरणों की भारी कमी है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
हरदोई। दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद प्रदेश भर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने स्टेशनों पर जांच अभियान भी चलाया, मगर हरदोई रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्थाएं अब भी अधर में हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माण कार्य के चलते पहले से लगे सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए थे, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें दोबारा नहीं लगाया गया है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर निगरानी तंत्र का अभाव सुरक्षा के लिहाज से गंभीर जोखिम बना हुआ है।
आरपीएफ के पास यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरणों की भारी कमी है। स्टेशन पर न तो वॉक-थ्रू मेटल डिटेक्टर हैं और न ही लगेज स्कैनर जैसी मूलभूत सुविधाएं। सुरक्षा मानकों के अनुसार ये सभी उपकरण प्रमुख स्टेशनों पर अनिवार्य हैं, लेकिन हरदोई स्टेशन इससे वंचित है। बताया जाता है कि पूर्व आरपीएफ प्रभारियों ने उपकरणों की कमी को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र भी भेजे, पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में आरपीएफ की टीम में 42 कर्मी तैनात हैं, जिन्हें मालगोदाम, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर लाइन, प्लेटफॉर्म और ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी की जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। सीमित बल और लगातार ड्यूटी के चलते कर्मचारियों पर दबाव बढ़ा हुआ है, जिससे कई बार सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। यात्रियों का कहना है कि निर्माण कार्य और निगरानी की कमी के बीच स्टेशन पर सुरक्षा को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




