संडीला में बनेगा रिंग रोड, साढ़े सात करोड़ से अधिक के टेंडर जारी
हरदोई के संडीला में रिंग रोड परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होगा। विधायक अलका सिंह अर्कवंशी के प्रयासों से पीडब्ल्यूडी ने टेंडर जारी किए हैं। यह परियोजना जाम से राहत और क्षेत्रीय विकास में मदद करेगी। सड़क निर्माण के बाद डामरीकरण भी होगा, जिससे स्थानीय रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।

हरदोई। संडीला कस्बे को जाम की समस्या से राहत दिलाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने वाली बहुप्रतीक्षित रिंग रोड परियोजना अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है। विधायक अलका सिंह अर्कवंशी के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने रिंग रोड निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए विभिन्न चरणों के टेंडर जारी कर दिए हैं। प्रस्तावित रिंग रोड के लिए कच्ची सड़क निर्माण कार्य को चार भागों में विभाजित किया गया है। इन चारों हिस्सों के निर्माण हेतु साढ़े सात करोड़ रुपये से अधिक के टेंडर जारी किए गए हैं। कच्ची सड़क के निर्माण के बाद उसका डामरीकरण भी कराया जाएगा।
इसके लिए अलग से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीडब्ल्यूडी ने नई तहसील नहर से बेगमगंज स्थित एनएच-731 तक तथा मेंहदी घाट-संडीला-भटपुर बाईपास मार्ग से एनएच-731 तक सड़क के डामरीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।विभागीय सूत्रों के अनुसार इन दोनों मार्गों पर सबसे पहले डामरीकरण कार्य शुरू कराया जाएगा। रिंग रोड निर्माण पूरा होने के बाद भारी वाहनों को कस्बे के अंदर से गुजरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी तथा यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि रिंग रोड बनने से संडीला का भौगोलिक विस्तार भी होगा। नई सड़क के दोनों ओर आवासीय कॉलोनियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य विकास परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। संडीला विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने बताया कि संडीला के विकास और जनता को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए रिंग रोड परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य भी प्रारंभ होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


