Hardoi News: 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल होगा एमएलसी चुनाव: सपा
Hardoi News: 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल होगा एमएलसी चुनाव: सपा फोटो 2 एक होटल
Hardoi News: हरदोई। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को शहर के नीलकंठ होटल में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली की अध्यक्षता में प्रत्याशियों को जिताने के लिए रणनीति बनाई गई। नेताओं ने इस चुनाव को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अहम मुकाबला बताया। सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि स्नातक प्रत्याशी कांति सिंह और शिक्षक प्रत्याशी सुशील कुमार के समर्थन में कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर रहे हैं। हरदोई के सभी 47 मतदान केंद्रों पर पार्टी के पदाधिकारी एजेंट और चुनाव प्रहरी के रूप में सक्रिय रहेंगे।
पिछले चुनाव में भाजपा ने बेईमानी से सपा को हराया था। इस बार पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। कार्यकर्ताओं को परेशान किए जाने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।पूर्व एमएलसी एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने कार्यकर्ताओं को मतदान की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि मतदाताओं से संपर्क करने के साथ उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करना भी जरूरी है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि एमएलसी चुनाव सत्ता का सेमीफाइनल है। इसे जीतकर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। बैठक में पूर्व सांसद उषा वर्मा, विधायक राजेश्वरी देवी, पूर्व विधायक अनिल वर्मा और आसिफ खान बब्बू, पद्मराग सिंह यादव, बृजेश वर्मा, टिल्लू वर्मा, फूलचंद वर्मा और अखिलेश पाठक समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

