स्कूलों में सफाई व्यवस्था बदहाल, शौचालय में पड़ा मिला मरा सांप
Hardoi News - नयागांव के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सफाई की स्थिति बहुत खराब है। एक बंद शौचालय में मरा सांप पड़ा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है। प्रधानाध्यापिकाओं का कहना है कि सफाई कर्मचारी उपस्थित नहीं होते, जबकि कई बार सूचित किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने सुधार के लिए पत्र भेजे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

बेनीगंज। विकासखंड अहिरोरी की ग्राम पंचायत नयागांव देवरिया व कुइया पट्टी के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। कई दिनों से बंद पड़े एक शौचालय में मृत सांप पड़ा है, जिसकी दुर्गंध छात्र-छात्राओं को परेशान किए है। प्रधानाध्यापिका सपना देवी ने बताया कि स्कूल के आसपास घना झाड़-झंखाड़ उग आया है, जिससे जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा रहता है। कई बार खुद सफाई करानी पड़ी पर जिम्मेदार कर्मचारी अपनी ड्यूटी निभाने नहीं आ रहे हैं। विद्यालयों में तैनात सफाई कर्मचारी नदारद हैं, जबकि आरोप है कि प्रधानों के संरक्षण में उनका वेतन लगातार निकाला जा रहा है।
प्रधानाध्यापकों का कहना है कि कई बार सूचना देने के बावजूद सफाई कर्मचारी स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति उच्च प्राथमिक विद्यालय नयागांव की है, जो हरदोई मार्ग पर है। यहां शौचालय पूरी तरह बंद पड़े हैं। शौचालय के अंदर कई दिनों से एक मरा सांप पड़ा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है। खंड शिक्षा अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के संबंध में कई बार लिखित पत्र भेजे जा चुके हैं पर अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। वहीं, खंड विकास अधिकारी अहिरोरी कामरान नेमानी ने कहा कि मामले की जांच के लिए सहायक खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया है और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


