
भैंस चोरी करने वाला शाहजहांपुर गिरोह पकड़ा, तीन गिरफ्तार
Hardoi News - पाली पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले शाहजहांपुर के गिरोह को गिरफ्तार किया। तीन चोरों के पास से पिकअप, बाइक, नगदी और मोबाइल बरामद हुए। दो चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। गिरफ्तार चोरों ने कई चोरियों को कबूल किया, जिसमें भैंस चोरी शामिल है।
पाली। भैंस चोरी करने वाले शाहजहांपुर के एक गिरोह को पाली पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर दो चोर फरार हो गए। गिरफ्तार हुए तीन चोरों के पास से पुलिस ने पिकअप डाला, बाइक, नगदी सहित तीन मोबाइल बरामद किए है। एसओ सोमपाल गंगवार ने बताया कि मंगलवार भोर मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मलिकापुर ख़ैरापुर रोड पर गंगा एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के नीचे छापा मारा। यहां से हसीन मियां निवासी पंखा खेड़ा इस्लाम नगर शाहजहांपुर स्थाई पता खेड़ा राठ पोस्ट खेड़ा भझेड़ा थाना जैतीपुर जिला शाहजहांपुर, मयूर खां, नहीम अंसारी निवासी पंखा खेड़ा इस्लाम नगर थाना मदनापुर शाहजहांपुर को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ सोमपाल गंगवार, एसआई जय नारायण मिश्रा, अतुल शर्मा, विक्रांत चौधरी, कांस्टेबल गुरजीत सिंह, तेजवीर, चंद कुमार शामिल रहे। एसओ ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर आजाद और छर्रा भाग गए। चोरों के पास से एटा की एक पिकअप, शाहजहांपुर की एक बाइक, एक लाख 46 हजार 400 की नगदी और तीन मोबाइल बरामद किए हैं। एसओ ने बताया कि मयूर खा पर सात मुकदमें दर्ज हैं। वहीं, नहीम अंसारी 20 वर्ष पर दस मुकदमा विभिन्न थानों में दर्ज है। इन चोरियों को कबूला : पूछताछ में तीनों ने बताया कि पाली थाना क्षेत्र के गांव उमरापुर से नौ जून 2025 को दो भैंस चोरी की। नौ सितंबर को ग्राम बारी से सड़क किनारे से तीन भैंस चोरी की थी। 29 अक्तूबर को ग्राम दरियापुर बलभद्र स्थित एक मकान से भैंस चोरी की थी। 31 अक्तूबर को ग्राम रमापुर अटाहरिया स्थित एक मकान से एक पड़िया, दो पड़रा चोरी किए थे। 4 फरवरी को थाना शाहाबाद के गांव नगला भगवान स्थित एक मकान के छप्पर से एक भैंस और एक पड़िया चोरी करना कबूल किया। नौ अगस्त को थाना पचदेवरा के गांव नेवादा से एक भैंस और एक पड़िया चोरी किया था। 17 अक्टूबर को सांडी थाना क्षेत्र के गांव भटौली से तीन भैंस चोरी की थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




