मुठभेड़ में चार बाइक चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
हरदोई में शाहाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी घायल हुआ और उसके पास से चोरी की बाइक, अवैध तमंचा और अन्य उपकरण बरामद किए गए। आरोपियों ने कई बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

हरदोई। शाहाबाद पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों को मौके से दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक खोलने के उपकरण बरामद किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि 31 मई को कस्बा शाहाबाद निवासी नेकपाल की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की बाइक के साथ चांदूपुर मोड़ के पास मौजूद हैं।
पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नूर मोहम्मद निवासी कटिया थाना हरियावां घायल हो गया। उसके साथ राजपाल, वसीम और शिवनाथ निवासी जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बाइक, एक खुली हुई बाइक, बाइक खोलने के उपकरण, एक तमंचा, तीन कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने शाहाबाद और लोनार क्षेत्र में हुई कई बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक गिरोह लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


