48 बोरी सीप से भरा पिकअप जब्त, शिकारी फरार
सांडी में गर्रा नदी से अवैध रूप से सीपों की बड़ी खेप को पुलिस और वन विभाग ने पकड़ा। शिकारी भाग गए, लेकिन वाहन जब्त कर लिया गया। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पकड़ी गई सीपों को मुरादाबाद और बिहार के व्यापारियों द्वारा सजावटी वस्तुओं के लिए खरीदा जाता है।

सांडी। गर्रा नदी से अवैध रूप से सीप का शिकार कर पिकअप से ले जाई जा रही बड़ी खेप को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान शिकारी भाग निकला। वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। सोमवार देर रात अरवल थाना क्षेत्र के करनपुर के पास अवैध शिकार की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनिल सिंह और वन क्षेत्राधिकारी प्रत्यूष श्रीवास्तव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। टीम को देखते ही वाहन चालक और शिकारी एक मोबाइल छोड़कर भाग निकला।
जांच में पिकअप में 48 बोरियों में प्रतिबंधित सीप मिली। टीम वाहन को वन रेंज कार्यालय ले आई। न्यायालय ने जब्त सीपों को पुनः नदी अथवा जलाशय में छोड़ने के आदेश दिए हैं। बताया गया कि पकड़ी गई सीपों को मुरादाबाद और बिहार के व्यापारी ऊंचे दामों पर खरीदकर सजावटी वस्तुएं बनाने वाले कारखानों में भेजते हैं। क्षेत्र में लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा है। इस पर समय-समय पर कार्रवाई के बावजूद पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह का कहना है कि सीप तस्करों का पता लगाया जा रहा है। वाहन स्वामी के बारे में भी जानकारी जुटाई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


