1463 मतदाताओं ने किया मतदान, 58 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद
Hardoi News - हरदोई में बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए मतदान हुआ। 1595 मतदाताओं में से 1463 ने वोट डाले। 58 प्रत्याशी 21 पदों के लिए चुनावी मैदान में थे। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चला। मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से होगी।
हरदोई। कचहरी में बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। कुल 1595 मतदाताओं में से 1463 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में 9 पदाधिकारी एवं 12 कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल 21 पदों के लिए 58 प्रत्याशी मैदान में थे। पूरे दिन कचहरी में गहमागहमी का माहौल रहा। मतदान की प्रक्रिया गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू होकर शाम करीब छह बजे तक चली। हालांकि सुबह भीषण शीतलहर और घने कोहरे के कारण मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। पहले एक घंटे में मात्र 44 मतदाताओं ने मतदान किया।
सुबह 10 बजे तक यह संख्या 97 तक पहुंच सकी। दिन चढ़ने के साथ मतदान की गति में तेजी आई। दोपहर 12 बजे तक 452 मतदाता वोट डाल चुके थे। दोपहर बाद अधिवक्ता संघ परिसर में मतदान के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। लंच तक 681 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। तीन बजे तक 938, चार बजे तक 1160 और पांच बजे तक 1380 मतदाता मतदान कर चुके थे। मतदाताओं की अधिक संख्या के चलते मतदान का समय बढ़ाया गया और अंततः 1463 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान के दौरान अधिवक्ता संघ परिसर में अधिवक्ताओं की भारी भीड़ रही। वहीं कुछ बाहरी लोगों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही, जो चुनावी अटकलें लगाते नजर आए। आज होगी मतगणना चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने में एल्डर कमेटी के बाबू मनोहर लाल पाल, इंद्रेश्वर नाथ गुप्ता, दिग्विजय सिंह सिकरवार, गिरीश चंद्र मिश्रा, श्रवण दीक्षित, अवधेश गुप्ता एवं प्रताप सिंह ने अहम भूमिका निभाई। अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर एवं महामंत्री अनिल कुमार मिश्रा ने भी सहयोग किया। मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी, जो अंतिम परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




