
दीननगर में भतीजे ने चाचा को पीटा, हुई मौत
Hardoi News - हरदोई के ग्राम दीननगर में एक भतीजे ने शराब पीकर अपने वृद्ध चाचा की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिसके बाद चाचा की मौत हो गई। घटना के समय चाचा अपने बेटे के साथ घरेलू विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कछौना (हरदोई)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम दीननगर में शराब पीकर एक भतीजे ने अपने वृद्ध चाचा को बुरी तरह से पीट दिया। इसके बाद भाग गया। कुछ ही देर में चाचा की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। गांव दीननगर निवासी मृतक के पुत्र सुनील कुमार ने बताया कि बीते सोमवार की शाम को ताऊ राजाराम का बेटा सन्तोष कश्यप शराब पीकर घर पहुंचा। इसके बाद अपने पिता राजाराम के साथ घर में घरेलू बातों को लेकर झगड़ा कर रहा था। इस बीच चीखपुकार सुनकर सुनील के पिता लालता प्रसाद अपने बड़े भाई राजराम का बचाव करते हुए वहां पहुंचे।
झगड़ रहे भतीजे संतोष को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर भतीजे ने वृद्ध लालता प्रसाद को बुरी तरह से पीट दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह से बीच बचाव करते हुए झगड़े को शान्त कराया। पिटाई से लालता प्रसाद को गंभीर चोटें आईं। देर रात उनको तेज दर्द हुआ। परिजन इलाज को लेकर कहीं जाते इससे पहले ही लालता प्रसाद की मौत हो गई। मंगलवार की सुबह स्थानीय कोतवाली पर तहरीर देते हुए सुनील ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। इस सबंन्ध में प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश सिंह यादव ने बताया शव को कब्जे में लेकर प्रकरण की जांच शुरू कर दी गयी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया जायेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




