विद्यालय परिसर में टूटा 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन का तार, बाल-बाल बचे छात्र-छात्राएं
Hardoi News - पचदेवरा के प्राथमिक विद्यालय भाभर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन अचानक टूटकर स्कूल परिसर में गिर गई। उस समय लगभग 40-45 छात्र विद्यालय में थे। प्रधानाध्यापक ने बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोग और शिक्षकों ने विद्युत विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है।

पचदेवरा। भरखनी ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भाभर में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन अचानक टूटकर स्कूल परिसर में गिर गई। उस समय विद्यालय में लगभग 40-45 छात्र-छात्राएं मौजूद थे। घटना के समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक ललित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। उनकी सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय के ऊपर से गुजर रही इस हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए जिलाधिकारी, विद्युत विभाग के एसडीओ शाहाबाद तथा जेई अनंगपुर को कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। विभागीय अनदेखी के कारण बच्चों की जान पर हमेशा खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि 27 अक्टूबर को भी इसी लाइन का तार टूटकर विद्यालय परिसर में गिर चुका है। उस घटना के बाद भी विद्युत विभाग ने न तो लाइन हटाई और न ही कोई स्थायी समाधान किया। शुक्रवार को दोबारा वही स्थिति उत्पन्न होने से विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों में रोष है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल संज्ञान लेकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



