
नहर में पड़ा मिला युवक का शव, सड़क पर खड़ी मिली बाइक
Hardoi News - बावन क्षेत्र में शारदा नहर में एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान मनमोहन सिंह (20) के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि यह सड़क दुर्घटना का मामला हो सकता है। युवक अपने दोस्त के साथ शराब पीने के बाद बाइक से ससुराल जा रहा था। शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
बावन। बावन क्षेत्र में शारदा नहर में रविवार सुबह एक युवक का शव पानी में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ नहर किनारे जुट गई। करीब दो घंटे बाद शव की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दर्घटना में मौत होने की बात कह रही है। थाना हरियावां क्षेत्र के गांव कमालपुर अरुआ निवासी मनमोहन सिंह (20) पुत्र नन्हे सिंह का शव पानी में पड़ा मिला। बताया गया कि बावन चौकी इंचार्ज वरुण शुक्ला शनिवार रात टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान नहर के पास सड़क पर एक बाइक खड़ी मिलने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बाइक कब्जे में ली। आसपास चालक की तलाश की, लेकिन घना कोहरा होने के कारण कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह नहर में शव मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। परिजनों ने बताया कि मनमोहन गांव के बाहर अपने दोस्त के साथ शराब पीने के बाद बाइक से ससुराल छितरामऊ थाना सांडी के लिए निकला था। जिस जगह बाइक मिली वहां सड़क कई जगह से टूटी हुई थी। पुलिस मामले को सड़क हादसे से जोड़कर जांच कर रही है। मृतक के चेहरे और सिर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। कोतवाल लोनार राकेश यादव ने बताया कि जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। एएसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पैनल से पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




