गोमती नदी किनारे लावारिस शव मिलने से सनसनी
बेनीगंज (हरदोई) में गोमती नदी किनारे एक लावारिस शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों ने शव की दुर्गंध से इसकी सूचना पुलिस को दी। शव की पहचान नहीं हो पाई है, और पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा।

बेनीगंज (हरदोई)। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर सीमा से सटे बरगदिया पुल के पास गोमती नदी किनारे एक लावारिस शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने दुर्गंध आने पर जब पास जाकर देखा तो शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शनिवार को सूचना मिलते ही उप निरीक्षक उमाकांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसके शरीर पर काली जींस, सफेद बनियान और मटमैले रंग की शर्ट पाई गई है।
कोतवाली प्रभारी मारकंडेय सिंह ने बताया कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। जिसके चलते उसमें से तेज दुर्गंध आने लगी थी। प्रथम दृष्टया मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है, ताकि शव की शिनाख्त कराई जा सके। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


