
दो साल से बंद पड़ा एमआरएफ सेंटर और बेडवेस्ट प्लांट
Hardoi News - -सांडी में खुलेआम सड़कों पर जल रहा कूड़ा-दोनों योजनाएं बनीं शोपीस, सफाईकर्मी खुलेआम सड़कों पर जला रहे हैं कूड़ाफोटो 13 सांडी में सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर सांडी, संवाददाता। नगर को स्वच्छ रखने के...
फोटो 13 सांडी में सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर सांडी, संवाददाता। नगर को स्वच्छ रखने के लिए लाखों रुपये की लागत से बनाए गए एमआरएफ सेंटर और बेडवेस्ट प्लांट दो साल से धूल फांक रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, नगरपालिका के सफाईकर्मी रोजाना कस्बे की सड़कों और डंप स्थलों पर कूड़ा जलाकर नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण से खिलवाड़ कर रहे हैं। कस्बे में निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए लगभग चार साल पहले भूमि न मिलने के कारण बघराई क्षेत्र में भूमि उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद लाखों की लागत से एमआरएफ सेंटर का निर्माण कराया गया और लगभग दो साल पहले नई मशीनें लगाई गईं।
बिजली कनेक्शन और कर्मचारियों की तैनाती भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक वहां कूड़ा नहीं पहुंचाया गया, जिसके कारण मशीनें बेकार पड़ी हैं। इसी तरह, जिंदपीर स्थान के पास बना बेडवेस्ट प्लांट भी एक साल से निष्क्रिय पड़ा है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद यह प्लांट कूड़े के निस्तारण में किसी काम नहीं आ रहा है। बताया गया कि करीब डेढ़ दर्जन ई-रिक्शे कूड़ा उठान के लिए खरीदे गए थे, लेकिन चालकों की कमी के कारण उनका संचालन नहीं हो पा रहा है। इधर, नगरपालिका सफाईकर्मी रोजाना सुबह और दिन में कस्बे के हरदोई तिराहा, बघौली रोड, भौराजपुर रोड, ठंडी तलिया, पक्केबाग और जीप स्टैंड के पीछे खुले में कूड़ा डालकर आग के हवाले कर देते हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध और धुएं से प्रदूषण फैल रहा है, जिससे नागरिकों में रोष व्याप्त है। ईओ जयप्रकाश यादव ने बताया कि अब ई-रिक्शा चालकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही कूड़ा एमआरएफ सेंटर और बेडवेस्ट प्लांट तक पहुंचाकर निस्तारण की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। साथ ही सड़कों पर कूड़ा जलाने पर भी रोक लगाई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




