
जानलेवा हमले में एक दर्जन लोगों पर मुकदमा
Hardoi News - अतरौली के ग्राम करेंठ में सड़क दुर्घटना की खबर कवरेज के दौरान एक मीडियाकर्मी पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद और 11-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अस्पताल संचालक ने भीड़ को भड़काया, जिससे मीडियाकर्मी को बचाने आए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट हुई।
अतरौली। ग्राम करेंठ में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत की खबर कवरेज को लेकर एक मीडियाकर्मी पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने एक दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। इसमें एक आरोपी नामजद है, जबकि अन्य अज्ञात की तलाश पुलिस कर रही है। 23 जनवरी को मीडियाकर्मी अतरौली-संडीला रोड स्थित करेंठ गांव के तिवारी पुर खेरवा में मूलचंद अर्कवंशी के दरवाजे पर हुई सड़क दुर्घटना की खबर कवर करने शाम करीब सात बजे पहुंचे थे। कुछ खुराफाती तत्वों ने खबर कवरेज का विरोध करते हुए मीडियाकर्मी पर हमला कर दिया। अस्पताल संचालक शेरा यादव उर्फ सतेन्द्र ने पहले थप्पड़ मारकर भीड़ को भड़काया, जिसके बाद लोग बेकाबू हो गए और जानलेवा हमला कर दिया।
मीडियाकर्मी को बचाने पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी मारपीट हुई। इसमें एक सिपाही घायल हो गया। हमलावरों ने मीडियाकर्मी का राइटिंग पैड छीन लिया और पेन तोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने किसी तरह मीडियाकर्मी की जान बचाई। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र ने बताया कि मामले में जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में एक नामजद और 11–12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




