लोकेशन ट्रैक कर पुलिस पहुंची मैनूर तक
Hardoi News - हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मटियामऊ गांव में अबू के अपहरण और फिरौती का मामला सामने आया है। 1 मई को घर से निकला अबू रात तक वापस नहीं आया। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 3 मई को अपहरणकर्ता ने फिरौती की मांग की, पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रैक कर उनकी मदद की।

हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मटियामऊ गांव में अबू के अपहरण और फिरौती मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया। चाचा मुईन ने बताया कि एक मई को बुखार की दवा लेने के बाद रात आठ बजे स्वाहेल गांव में लगे उर्स मेले में जाने के लिए निकला। अपने बाबा समीर उल हसन से 20 रुपये लेकर गया पर रात नौ बजे तक घर नहीं लौटा। तब परिजनों ने पूरी रात तलाश की पर कोई सुराग नहीं मिला। दो मई को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। चाचा ने बताया कि तीन मई की शाम पांच बजे के बाद एक अज्ञात नंबर से फोन आया।
इसमें बच्चे को सुरक्षित छोड़ने के बदले फिरौती मांगी गई। आरोपित ने पहले कानपुर के रावतपुर स्टेशन बुलाया। फिर बार-बार लोकेशन बदलता रहा। कभी कन्नौज, कभी आगरा, कभी लखनऊ और कभी माधौगंज बुलाया। इस बीच उसने सात लाख की मांग की। परिजनों ने असमर्थता जताते हुए एक लाख तक की व्यवस्था कर लेने और शेष पैसे के इन्तजाम के लिए माधौगंज में सुनार के पास जेवर बेचने की बात कही। आरोपित ने अलग-अलग खातों के नंबर देकर किस्तों में रकम ट्रांसफर का दबाव बनाया। परिजनों ने परीक्षण के तौर पर 100 रुपये भी भेजे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सर्विलांस के जरिए मोबाइल नंबर ट्रैक कर परिजनों के साथ आरोपित का पीछा जारी रखा। लोकेशन बदलने और फोन बंद करने की चाल के बावजूद पुलिस धीरे-धीरे उसके करीब पहुंचती गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


