हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लिए लोगों ने किया विरोध
Hardoi News - सण्डीला में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली ख़ामेनेई के निधन के बाद शोक और आक्रोश का माहौल बना। मोहल्ला महेतवाना में शोकसभा आयोजित की गई, जहाँ वक्ताओं ने ख़ामेनेई के जीवन पर चर्चा की। इसके बाद एहतेजाज़ी जुलूस निकाला गया, जिसमें लोगों ने इज़राइल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की।

सण्डीला। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली ख़ामेनेई के निधन की खबर पर संडीला में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। रविवार रात करीब नौ बजे मोहल्ला महेतवाना स्थित हवेली इमामबाड़े में शोकसभा हुई। मजलिस को मौलाना अब्बास रज़ा, मौलाना फज़ल हुसैन व चौधरी कायम रजा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने अपने खिताब में ख़ामेनेई के जीवन, उनके धार्मिक नेतृत्व, संघर्ष और वैश्विक मुस्लिम समुदाय में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उपस्थित लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। मजलिस के बाद इमामबाड़े के प्रांगण में ही एहतेजाज़ी जुलूस निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लिए लोगों ने विरोध दर्ज कराया।
कुछ लोगों ने इज़राइल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी भी की। कार्यक्रम में चौधरी हैदर रज़ा, चौधरी हाशिम रज़ा, पूर्व सभासद युसूफ मेहंदी, दानिश अब्बास, इंतिज़ार हुसैन, साकिब मेहंदी समेत अनेक लोग मौजूद रहे। अंजुमन रिज़विया, अंजुमन सिबतैनिया तथा अहले सुन्नत जमात सहित अन्य संगठनों ने भी भागीदारी की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाल सण्डीला विद्या सागर पाल इमामबाड़े के बाहर गश्त पर मौजूद रहे। मजलिस के समापन पर देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और एकता के लिए दुआ की गई। आयोजकों ने सभी से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



