दो-तीन दिन हीट वेव करेगी परेशानी, सड़कों पर सन्नाटा
हरदोई में भीषण गर्मी का असर शनिवार को बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ नजर आया। दोपहर में बाजारों में कम भीड़ रही। लोग धूप से बचने के लिए छाते और गमछे का इस्तेमाल कर रहे थे। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हीट वेव जारी रहने की संभावना जताई है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है।
हरदोई। भीषण गर्मी का असर शनिवार को बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी साफ नजर आया। दोपहर में मुख्य बाजारों, चौराहों और बस स्टैंडों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम भीड़ दिखाई दी। तेज धूप से बचने के लिए लोग छाता, गमछा और चेहरे पर कपड़ा बांधकर निकलते नजर आए। वहीं ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी, गन्ने का रस और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक हीट वेव से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम पर्यवेक्षक रमेश चंद्र वर्मा के अनुसार सुबह के समय आर्द्रता 53 प्रतिशत तथा शाम को 23 प्रतिशत दर्ज की गई।
पश्चिम दिशा से 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलती रहीं। जिससे जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। आसमान पूरी तरह साफ रहा और बादल नहीं होने से सूरज की तपिश और अधिक महसूस हुई। दिनभर गर्म हवाओं और रात में उमस के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहराने लगा है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लगातार धूप में रहने से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान ऊंचा बना रहेगा और हीट वेव का असर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।


