हरदोई में अब 19 गोशाला में रहेंगे केवल सांड़
Hardoi News - हरदोई में 19 गोशालाएं बनाई जाएंगी, जहां केवल सांड़ रखे जाएंगे। इन गोशालाओं में कुल 9500 सांड़ रखे जाएंगे, जिससे गायों की सुरक्षा में मदद मिलेगी। यह पहल विभिन्न विकास खंडों में की जा रही है, और पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा ताकि कोई अफवाह न फैले।

हरदोई, वरिष्ठ संवाददाता। जिलेभर में 19 गोशाला ऐसी संचालित होंगी, जहां पर सिर्फ सांड़ रखे जाएंगे। पशु आश्रय स्थलों में गायों की सुरक्षा के मद्देनजर यह पहल हो रही है। एक गोशाला में कुल 500 सांड़ रहेंगे। इस तरह इन गोशालाओं में कुल 9500 सांड़ों को ठिकाना मिलेगा। इसका नाम नंदी गोशाला रहेगी, जो हर ब्लॉक में एक होगी।पशुपालन विभाग ने बावन विकास खंड में मुबारकपुर, हरियावां में मोदीपुर, टड़ियावां में बरगांवा, अहिरोरी में बाजिदपुर, सुरसा में मरसा प्रथम, बिलग्राम में सहोसा रामपुर, मल्लावां में तेजीपुर, माधौगंज में मुड़ियाखेड़ा, सांडी में मलवा अखवेलपुर, हरपालपुर में मिरगावां, भरखनी में गौहाई, शाहाबाद में धियरई, पिहानी में कोरिगवां, टोंडरपुर में करांवा, संडीला में लूमामऊ, कछौना में महरी, बेहंदर में सरवे, भरावन में भटपुर, कोथावां में मझिगवां पशु आश्रय स्थल तो नंदी गोशाला के रूप में चिह्नित किया गया है।
इससे गोशाला के अंदर सांड़ों के हमले से गायों की मौत का सिलसिला थमेगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि टड़ियावां ब्लॉक में इसकी शुरुआत हो गई है। मुख्य विकास के साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पुलिस प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। गोशाला संचालक और विभागीय अधिकारियों को निर्देश हैं कि जिस गोशाला के नंदी को दूसरी गोशाला में भेजा जाएगा उसका पूरा विवरण संबंधित क्षेत्र के थाने की पुलिस को दिया जाएगा। ताकि जब वाहन में लादकर अन्ना मवेशियों को ले जाया जाए तो किसी प्रकार की अफवाह न फैलने पाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


