टीबी मरीजों की जांच के लिए जल्द आएगी कार्टेज
Hardoi News - हरदोई में क्षय उन्मूलन के लिए मरीजों की पहचान हेतु जांच प्रक्रिया को मजबूत किया गया है। पिछले साल 14,465 टीबी मरीजों की पहचान की गई। सीबीनाट की कार्टेज की कमी के बावजूद ट्रूनाट, माइक्रोस्कोपी और एक्सरे से जांच जारी है। स्वास्थ्य केन्द्रों पर हर संभावित टीबी मरीज की जांच सुनिश्चित की जा रही है।

हरदोई। क्षय उन्मूलन के लिए ज्यादा से ज्यादा मरीजों को खोजने के लिए लक्ष्य के मद्देनजर जिले में विभाग ने जाँच प्रक्रिया को सशक्त बनाया है। टीबी मरीजों की पहचान के लिए माइक्रोस्कोपी, एक्सरे और ट्रूनाट तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। बीते साल 13,565 टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन के लक्ष्य के सापेक्ष 14,465 टीबी मरीजों की पहचान की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.भवनाथ पाण्डेय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सीबीनाट के कार्टेज की उपलब्धता प्रभावित हुई है लेकिन ट्रूनाट, माइक्रोस्कोपी व एक्सरे से जाँच हो रही है। शासन से कार्टेज खरीदने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। कार्टेज खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।
लखनऊ से जल्द ही कार्टेज आ जाएगी तो सीबीनाट जांच भी शुरू हो जाएगी। जनपद की सभी 44 टीबी यूनिट में और माइक्रोस्कोपी से जाँच व 15 स्थानों पर एक्स रे की सुविधा उपलब्ध है। सीएचसी हरपालपुर, पिहानी, बिलग्राम, माधो गंज, अहिरौरी, टड़ियावां, सुरसा, कछौना,शाहाबाद, भरावन,बावन में ट्रूनाट और आयुष्मान आरोग्य मंदिर से सैंपल भेज कर जाँच हो रही है। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर हर संभावित टीबी मरीज की जाँच सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश हैं। ताकि किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. नोमानउल्लाह ने बताया कि सघन स्क्रीनिंग और बेहतर जाँच व्यवस्था के चलते बीते साल सात फीसदी अधिक टीबी मरीजों को चिन्हिति किया गया। इनमें से 35 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। शेष का इलाज चल रहा है। नियमित निगरानी की जा रही है। विभाग द्वारा पिछले साल उच्च जोखिम वाले मरीजों जैसे एचआईवी, कुपोषित, अल्कोहल, नशा करने वाले, 60 साल से अधिक उम्र के 10 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई। कुल पंजीकृत टीबी रोगियों में आठ हजार को 560 निक्षय मित्रों ने गोद लिया। सर्वाधिक 3200 से अधिक टीबी रोगी संस्था एचसीएल द्वारा गोद लिए गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


