Hardoi News: हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध हालात में मौत, गांव में पुलिस बल तैनात
Hardoi News: बेनीगंज के सिंहपुर गांव में 50 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर चंद्रहास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने समझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या की आशंका जताए जाने के बाद कई थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा।

Hardoi News: बेनीगंज। सिंहपुर गांव में सोमवार की दोपहर बाद हिस्ट्रीशीटर 50 वर्षीय चंद्रहास की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की बात कही पर परिजन तैयार नहीं हुए। कुछ लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। चंद्रहास के खिलाफ हत्या, लूट और डकैती समेत कई मामले दर्ज थे। वह कई बार जेल जा चुका था और आजीवन कारावास की सजा भी काट चुका था। कुछ समय पहले ही वह जेल से छूटकर आया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिता बाबू उसे घर में नहीं रहने देते थे। इस कारण वह गांव के पंचायत भवन में रहकर गुजर-बसर करता था और गांव में छोटे-मोटे काम कर अपना पेट पालता था। चंद्रहास के पिता बाबू पर करीब एक दर्जन और भाई रामावतार पर भी एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अतुल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें संदिग्ध हालातों में मौत और कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए समझाने का प्रयास किया। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया और क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता घर में ताला डालकर अपनी बेटी के यहां रहने चले गए थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को शव कब्जे में लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत जारी थी। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही चल सकेगा।

