काल बनकर दौड़ा कंटेनर, महिला की मौत और 12 घायल
Hardoi News - हरदोई में जगदीशपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर ने कई लोगों को रौंद डाला। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हरदोई। हरदोई-जगदीशपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर काल बनकर दौड़ा। जगदीशपुर चौराहे पर अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क किनारे मौजूद लोगों, ठेलों और वाहनों को रौंद दिया। हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार को जगदीशपुर में कस्बे के बाजार लगने के कारण चौराहे पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर बावन रोड की ओर से आया और सड़क किनारे लगे फल व चाट के ठेलों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। कंटेनर ने एक लोडर, ऑटो समेत कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हादसे में एक अज्ञात महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लोनार थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी 52 वर्षीय हरिश्चंद्र, रामपुर जाटोली निवासी 50 वर्षीय महेंद्र, 30 वर्षीय पवन सिंह और 45 वर्षीय राकेश सिंह आदि लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।घटना के बाद लोगों ने पीछा कर कुछ दूरी पर कंटेनर को रुकवा लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


