
राममंदिर ध्वजारोहण में जनपद से शामिल होंगे 73 अतिथि, मिले आमंत्रण पत्र
संक्षेप: Hardoi News - - एससी-एसटी वर्ग के वंचित-गरीब अतिथियों को लग्जरी बसों से कार्यक्रम में ले जाएगा विश्व हिंदू परिषदहरदोई, संवाददाता।अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर में 26 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य राममंदिर...
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर में 26 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य राममंदिर ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छह हजार से अधिक लोगों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन में भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पात्र लोगों को निमंत्रण पत्र भेजना शुरू कर दिया है। मुख्य गुंबद का निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में होने वाले इस ध्वजारोहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ध्वज फहराएंगे। कार्यक्रम में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।

गरीब, वंचित तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को इसमें शामिल कर उन्हें इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनाने की पहल की गई है। हरदोई जनपद से 73 चयनित अतिथियों को अयोध्या ले जाने की जिम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद को सौंपी गई है। सभी अतिथि अनुसूचित जाति एवं जनजाति के निम्न आर्थिक स्थिति वाले परिवारों से हैं। अतिथियों को 24 नवंबर की सुबह ही लग्जरी बसों से रवाना किया जाएगा, ताकि समय से पूर्व वे अयोध्या पहुंच सकें। बसों का किराया, भोजन, नाश्ता, ठहराव और सभी सुविधाओं का संपूर्ण प्रबंधन विश्व हिंदू परिषद कर रही है। नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी की देखरेख में सभी वाहन हरदोई से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। प्रशासन ने अतिथियों की यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व वाले इस आयोजन में शामिल होने जा रहे हरदोई के प्रतिभागियों में उत्साह का माहौल है। लोग इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण मान रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




