फर्जी गौवंश दिखा निकाली भरण पोषण धनराशि, अधिकार सीज करने की तैयारी

Jan 09, 2026 06:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हरदोई
share Share
Follow Us on

Hardoi News - हरदोई के विकास खंड भरखनी की ग्राम पंचायत मैकपुर में पशुआश्रय स्थल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी ने प्रधान और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निरीक्षण में 94 गौवंशों के भरण-पोषण में धनराशि के गबन की आशंका जताई गई है।

फर्जी गौवंश दिखा निकाली भरण पोषण धनराशि, अधिकार सीज करने की तैयारी

हरदोई। विकास खंड भरखनी की ग्राम पंचायत मैकपुर में संचालित पशुआश्रय स्थल में गंभीर लापरवाही और शासकीय धनराशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। सरकारी धनराशि के दुरुपयोग पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने प्रधान रेनू देवी और ग्राम पंचायत सचिव सतेन्द्र शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया बीडीओ भरखनी एवं पशु चिकित्साधिकारी पाली के साथ संयुक्त निरीक्षण में मिली अनियमितातओं की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने बताया 18 दिसंबर को निरीक्षण के दौरान पशुआश्रय स्थल में केवल 245 गौवंश मौजूद थे, जबकि 20 नवम्बर को ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों ने 339 गौवंश दिखा कर भुगतान लिया था।

प्रथम दृष्टया 94 गौवंशों के भरण-पोषण की धनराशि के गबन की आशंका जताई गई थी। भूसाघर में खाने योग्य भूसा नहीं मिला। केवल सड़ा-गला भूसा फैला हुआ पाया गया। गौवंशों के पीने के लिए मात्र एक ही चरही बनी थी, जबकि संरक्षित पशुओं की संख्या के अनुसार कम से कम तीन की आवश्यकता थी। वर्मी कम्पोस्ट पिट अधूरे और अनुपयोगी मिले। हरा चारा बुआई के लिए चिन्हित भूमि पर भी चारा नहीं बोया गया। पशु आश्रय स्थल में प्रतिदिन दाना और हरा चारा देने के निर्देशों का भी पालन नहीं किया जाता मिला। गौ-संरक्षण केन्द्र में साफ-सफाई अत्यन्त खराब पाई गई और खुले में तीन गौवंश मृत मिले। जिनका नियमानुसार निस्तारण नहीं किया गया। जिलाधिकारी ने बताया गौवंश संरक्षण जैसी प्राथमिक योजना में घोर लापरवाही मानते हुए 15 दिनों के भीतर साक्ष्यों सहित जवाब तलब किया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर प्रधान के वित्तीय-प्रशासनिक अधिकारों पर प्रतिबंध और सचिव के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई कर दी जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;