Hardoi News: कोर्ट मैरिज का झांसा देकर बुजुर्ग की करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप
Hardoi News: सवायजपुर में एक बुजुर्ग ने आरोप लगाया है कि उसके भाई के बेटे ने उसकी संपत्ति हड़पने के लिए उसके अविवाहित बेटे की कोर्ट मैरिज कराने का झांसा दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाकर कृषि भूमि के दानपत्र पंजीकृत किए गए।

Hardoi News: सवायजपुर। बेटे की कोर्ट मैरिज कराने का झांसा देकर कागजात पर अंगूठा लगवाने और बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर लाखों रुपये की कृषि भूमि के दो दानपत्र पंजीकृत कराने का आरोप सामने आया है। सांडी थाना क्षेत्र के देईचौर निवासी एक बुजुर्ग ने सवायजपुर कोतवाली में तहरीर देकर मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। देईचौर निवासी लालता प्रसाद पुत्र पुतई ने शनिवार को कोतवाली प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि उनकी तीन पुत्रियां और एक पुत्र रामदास है। पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। उनका कहना है कि घर में भोजन आदि की व्यवस्था के लिए पुत्रियां बारी-बारी से मायके आती हैं।
उनका करीब 55 वर्षीय पुत्र रामदास भी अभी अविवाहित है। लालता प्रसाद का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर उनके भाई के पुत्र ने संपत्ति हड़पने की नीयत से रामदास की कोर्ट मैरिज कराने का झांसा दिया। करीब दो माह पहले वह उन्हें सवायजपुर तहसील लेकर गया। वहां एक महिला को दिखाकर बताया कि इसी से रामदास की कोर्ट मैरिज होगी। आरोप है कि वहां कुछ कागजात पर उनसे अंगूठा लगवाया गया। उन्हें बताया गया कि महिला भी उन्हीं कागजात पर हस्ताक्षर करेगी। इसके बाद फोटो खिंचवाकर भी कुछ दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया गया। पीड़ित के मुताबिक 21 अगस्त को गांव में उन्हें जानकारी हुई कि राममोहन उर्फ रामबचन ने उनकी कृषि भूमि हड़पने के उद्देश्य से धोखाधड़ी कर दो दानपत्र पंजीकृत करा लिए हैं।


