18 महीने में फोरलेन बनाकर तैयार करने का लक्ष्य
Hardoi News - हरदोई के खेतुई गांव से पिहानी चुंगी तक फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने 18 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यह परियोजना 67 करोड़ रुपये की लागत से बनी है और इससे 30,000 लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। किसान भी लाभान्वित होंगे।

हरदोई। खेतुई गांव से शहर की पिहानी चुंगी तक सड़क को फोरलेन बनाने का काम शिलान्यास के बाद शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक के अफसरों ने इस फोरलेन को 18 महीने में बनाकर तैयार करने का लक्ष्य बनाया है। राज्य सड़क निधि से हरदोई-पलिया लखनऊ मार्ग एनएच 731 के चैनेज 158.500 से किमी 169.00 तक फोरलेन चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य 30 मार्च को मंजूर हुआ है। 10.500 किमी सड़क को फोरलेन बनाने के लिए 67 करोड़ 97 लाख 86 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। करीब 30 हजार लोगों को रोजाना जाम की दिक्कत से निजात दिलाने में मददगार साबित होने वाले फोरलेन को बनाने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड एक को सौंपी गई है।
विभागीय अभियंताओं ने बताया कि बिजली विभाग के जो पोल चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे हैं। उनको साइड में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए धनराशि देकर बिजली के पोल शिफ्ट करने को कहा गया है। मौजूदा समय में सीतापुर, लखनऊ, कानपुर, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, उन्नाव जाने वाले सैकड़ों वाहन रोजाना शहर के अंदर से निकलते हैं। रात के वक्त भी भारी वाहनों की नो इंट्री चालू होने के बाद भरमार रहती है। ऐसे में फोरलेन आबादी क्षेत्र में जाम से निजात देगा। इसका मुख्य फायदा गेहूं और धान समेत अन्य अनाज गल्ला मंडी में लाने वाले किसानों को होगा। उनकी ट्रैक्टर ट्रालियां घंटों जाम में फंसकर खड़ी नहीं रहेंगी। इससे ट्रैक्टर ट्राली के भाड़े में भी कमी आएगी। बेरोकटोक आने पर ट्रैक्टर चालक ज्यादा चक्कर लगाकर ज्यादा अनाज मंडी तक पहुंचा सकेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


