Hindi NewsUttar-pradesh NewsHardoi NewsFMD Vaccination Campaign Launched in Hardoi for Livestock Protection
7.99 लाख पशुओं को लगेगा निःशुल्क टीका

7.99 लाख पशुओं को लगेगा निःशुल्क टीका

संक्षेप:

Hardoi News - हरदोई में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) बीमारी से बचाव के लिए 45 दिवसीय टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। जिलाधिकारी अनुनय झा ने अभियान का शुभारम्भ किया, जिसमें 7 लाख 99 हजार 250 पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। 29 टीमें गांव-गांव जाकर पशुपालकों के पशुओं का टीकाकरण करेंगी।

Jan 25, 2026 10:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हरदोई
share Share
Follow Us on

हरदोई। पशुओं के लिए जानलेवा साबित होने वाली खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) बीमारी से बचाव के लिए जनपद में आज से 45 दिवसीय व्यापक टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने हरी झंडी दिखाकर राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान के सातवें चरण का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ एके सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के कुल 7 लाख 99 हजार 250 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए जनपद स्तर पर 29 टीमें गठित की गई हैं, जो निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांव-गांव जाकर पशुपालकों के घर पर ही टीकाकरण करेंगी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

डॉ. सिंह ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक पशुरोग है, जिसके लक्षणों में पैरों में छाले व घाव, मुंह व जीभ में छाले, बुखार, चारा-पानी छोड़ देना, चलने-फिरने में कठिनाई तथा दुधारू पशुओं में दूध उत्पादन में कमी शामिल है। समय पर उपचार न होने पर पशु की मृत्यु भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण से एक दिन पूर्व ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर पशुपालकों को जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान आठ माह से अधिक की गाभिन पशु एवं चार माह से कम आयु के बछिया-बछड़ों का टीकाकरण नहीं किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि पशुधन को इस गंभीर रोग से सुरक्षित रखा जा सके।