Hardoi News: गंगा-रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, अदनिया गांव में घुसा बाढ़ का पानी
Hardoi News: हरपालपुर (हरदोई) जिले में बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। अदनिया गांव में बाढ़ का पानी घुसने लगा है, जिससे प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। गंगा का जलस्तर राजघाट पर 125.900 मीटर तक पहुंच गया है।

Hardoi News: हरपालपुर (हरदोई), संवाददाता। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के बाद बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण कटियारी क्षेत्र से होकर गुजरने वाली गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर के चलते अदनिया गांव में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ने से प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। बताते हैं कि राजघाट पर गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 125.810 मीटर को पार कर 125.900 मीटर पर पहुंच गया है। यह चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर से भी काफी अधिक है। हरिद्वार बैराज से 96,491 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 1,34,584 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
इससे गंगा के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। पांचाल घाट पर गंगा का जलस्तर 136.90 मीटर और मेहंदीघाट पर 124.98 मीटर दर्ज किया गया। रामगंगा नदी का जलस्तर डबरी घाट और हुल्लापुर में 135.91 मीटर तक पहुंच गया है।वहीं गर्रा नदी सांडी साइट पर 128.22 मीटर पर बह रही है। पीलीभीत के दियोरिया (ड्यूनी) डैम से गर्रा नदी में 1,254 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बीते 24 घंटे में जिले में तीन मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस, राजस्व और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीमें तटीय गांवों और घाटों पर लगातार निगरानी कर रही हैं। क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने लोगों से नदी की मुख्य धारा और प्रतिबंधित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने बताया कि राजस्व टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।


