
हादसे में किसान की मौत, साथी के पैर कटे
Hardoi News - कटरा-बिल्हौर हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में एक किसान, मनमोहन सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे किसान परमेश्वर दयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों किसान रूपापुर से लौट रहे थे। पुलिस ने अभी तक कोई तहरीर नहीं प्राप्त की है।
हरपालपुर, संवाददाता। कटरा-बिल्हौर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार एक किसान की मौत हो गई है। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर गांव के निकट गुरुवार की रात्रि लगभग 10 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों लोगों के पैर कटकर काफी दूर जा गिरे। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन घायलों को सीएचसी हरपालपुर ले गए। जहां से दोनों लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों लोगों को लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया। जहां पर बरसोहिया निवासी परमेश्वर दयाल (60) एवं मनमोहन सिंह उर्फ मोलू (25) को भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मनमोहन सिंह उर्फ मोलू की मृत्यु हो गई। जबकि परमेश्वर दयाल की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक मनमोहन खेती-बाड़ी करता था। तीन भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था। बाइक सवार दोनों किसान रूपापुर से दावत खाकर वापस लौट रहे थे। सवायजपुर कोतवाली प्रभारी प्रिंस कुमार बताया कि घटना की अभी तक कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। तहरीर प्राप्त होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद वाहन चालक समेत मौके से फरार हो गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




