
हनुमान चालीसा पढ़ कर किसानों ने जताया विरोध
Hardoi News - हरदोई में, डीएपी खाद की कमी से परेशान किसानों ने जिला उपभोक्ता सहकारी समिति के बाहर हनुमान चालिसा का पाठ कर विरोध किया। किसानों ने प्रशासन से खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कई किसानों को खाद नहीं मिल रही, जबकि कुछ को अधिक मात्रा में मिल रही है।
हरदोई। डीएपी खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने मंगलवार रात जिला उपभोक्ता सहकारी समिति कार्यालय के बाहर हनुमान चालिसा का पाठकर विरोध जताया। किसानों ने जिला प्रशासन से तत्काल खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी में लिप्त कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिलेभर में डीएपी न मिलने से किसानों के बीच आक्रोश तेजी से बढ़ता जा रहा है। खाद वितरण में हो रही अनियमितताओं और कालाबाजारी के आरोपों से किसान बेहद नाराज हैं। समितियों पर डीएपी के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगे किसानों का कहना है कि दिनभर इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिल रही। अधिकांश समितियां या तो बंद हैं या फिर सीमित मात्रा में डीएपी दी जा रही है।
निजामपुर निवासी हरिश्चंद्र मिश्रा ने बताया कि उन्होंने सुर्जीपुर समिति पर पूरे दिन लाइन लगाई, लेकिन उन्हें केवल एक बोरी डीएपी मिली। वहीं चंदन मिश्रा ने कहा कि वह एक सप्ताह से डीएपी के लिए चक्कर काट रहा है, पर कहीं सफलता नहीं मिली। किसानों का आरोप है कि समितियों के सचिव और उनके कारिंदे मिलीभगत कर कालाबाजारी कर रहे हैं। किसी को एक बोरी मिलना मुश्किल है जबकि कुछ चहेते किसानों को 20-20 बोरी तक उर्वरक दिया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




