किसानों की फसल को आवारा गोवंश से दिलाएं निजात
Hardoi News - अतरौली में किसान खुले आसमान के नीचे रातभर जागते हैं ताकि फसलों को आवारा गोवंश से बचा सकें। सोमवार को सैकड़ों किसानों ने धरना दिया और गोवंश को गौशालाओं में भेजने की मांग की। पशुधन प्रसार अधिकारी ने किसानों की समस्याओं को जायज माना और गोशाला के संचालन के प्रयासों का आश्वासन दिया।
अतरौली। आज कल हो रही सर्दी में रात के समय जब लोग कमरों के अन्दर रजाई में होते हैं, तब किसान खेतों में खुले आसमान के नीचे रतजगा करता है। हट्ट हट्ट की आवाज करता हुआ लाठी लेकर खेतों के चक्कर काटता है, तब भी फसलें बच नहीं पा रही हैं। जरा भी चूके तो आवारा घूम रहा गोवंश सैकड़ों की संख्या में एक साथ झुण्ड बना खेतों में पहुंच कर हरी भरी फसल को तनिक देर में ही बर्बाद कर दे रहे हैं। सोमवार को भारतीय किसान मजदूर यूनियन सर्वसमाज के पदाधिकारी भूपेन्द्र सिंह, सुनील तिवारी के साथ सैकड़ों किसानों ने भटपुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करते हुए हुंकार भरी।
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि ब्लाक भरावन के भटपुर, कटका, हाजीपुर, पिपरी नारायनपुर, छावन, श्यामदास पुर, कसहिया, बसहिया, घेरवा, कौड़िया, दुलानगर, अतरौली सहित तमाम गांवों में गोवंश सैकड़ों की संख्या में आवारा घूम रहा है। इसी शीघ्र पकड़वाकर गौशालाओं में भेजा जाए। सुनील तिवारी ने कहा कि भटपुर में नवनिर्मित बृहद गौशाला चालू की जाए। उसमें जानवरों को भेज कर किसानों को समस्या से निजात दिलाएं। अपनी मांगों को लेकर क्षेत्र के सैकड़ों किसानों के साथ भूपेंद्र सिंह और सुनील तिवारी ने ज्ञापन इंस्पेक्टर सतीश चन्द्र की उपस्थिति में पशुधन प्रसार अधिकारी भरावन डा.विनोद वर्मा को सौंपते हुए धरना समाप्त किया। डा. विनोद वर्मा ने बताया कि किसानों की समस्या जायज है। इंस्पेक्टर सतीश चन्द्र ने बताया कि मौके पर शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगी रही। इनकी सुनिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. एके सिंह का कहना है कि टीएसी कमेटी गठित होने के बाद जो कमियां आएंगे उन्हें दूर कराया जाएगा। इसके बाद गोशाला का संचालन होगा। इसके लिए प्रयास चल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




