Hardoi News: बिजली व्यवस्था को लेकर भाकियू का पावर हाउस पर धरना
Hardoi News: अतरौली में भारतीय किसान यूनियन ने खराब विद्युत व्यवस्था और कर्मचारियों के दुर्व्यवहार के खिलाफ चार घंटे का धरना दिया। किसानों ने कर्मचारियों को हटाने, जर्जर लाइन की मरम्मत और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की। प्रदर्शन के बाद, अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। कई ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
Hardoi News: अतरौली। क्षेत्र में बदहाल विद्युत व्यवस्था और कर्मचारियों के कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) ने बुधवार को जखवा पावर हाउस पर चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार करने वाले कर्मचारियों को हटाने, जर्जर बिजली लाइनों की तत्काल मरम्मत कराने और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। धरने के दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। बाद में अतरौली इंस्पेक्टर शिवाकांत पांडेय के समझाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। पदाधिकारियों ने एसडीओ संडीला विद्युत राजीव कुमार को ज्ञापन सौंपा। भाकियू प्रदेश अध्यक्ष सुशील चौहान और जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि एसएसओ, लाइनमैन उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार करते हैं।
अवैध वसूली करते हैं। उन्होंने जेई पर भी शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने और बिजली व्यवस्था में सुधार न करने के आरोप लगाए। धरने में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। बंगालपुर निवासी मंदिर के पुजारी कुंवर ने आरोप लगाया कि कनेक्शन होने के बावजूद तीन वर्षों से मंदिर की बिजली लाइन नहीं जोड़ी गई है।


