
चंद पैसों के लिए दोस्त ने की थी नितिन की गला घोंटकर की हत्या
Hardoi News - सवायजपुर में चार दिन पहले खेत में फसल की रखवाली कर रहे किसान नितिन कटियार की हत्या का मामला सामने आया है। उसका दोस्त भोला सिंह ने पैसे के विवाद में मफलर से गला घोटकर हत्या की। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सवायजपुर। चार दिन पहले खेत में फसल की रखवाली कर रहे किसान की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उसके ही दोस्त ने चंद पैसों के विवाद में गला घोटकर हत्या की थी। आरोपी पर पहले से कई मामले शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद और हरदोई में दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि नगरा कन्हारी गांव में विपिन और नितिन कटियार दो भाई रहते थे। माता-पिता के निधन के बाद नितिन शराब का लती हो गया था। वह भाई और भाभी से अलग खेत पर बने झोपड़ी में रहने लगा। 27 वर्षीय नितिन अविवाहित था। शराब की लत के चलते उसने ट्रैक्टर को थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी शिवकिशोर के पास 45 हजार में गिरवी रखा था।
चार दिन पहले शिवकिशोर के पुत्र भोला सिंह निवासी ग्राम फतेहपुर थाना सवायजपुर और नितिन कटियार उर्फ गोविंद ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। नितिन ने भोला सिंह से कहा कि वह पैसे धीरे-धीरे लौटा देगा। ट्रैक्टर वापस कर दे। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, कहासनी के बाद दोस्त भोला सिंह वहां से हटकर पास की सरसों की फसल में जाकर बैठ गया। जैसे ही नितिन कटियार उर्फ गोविंद को नींद आई तो दोबारा वहां पहुंचकर मफलर से उसका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा के निर्देश पर स्वाट व सर्विलांस टीम, एसओजी टीम और सवायजपुर पुलिस को हत्याकांड के खुलासे में लगाया गया। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि आरोपी भोला सिंह के खिलाफ फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर और हरदोई जनपदों में अलग-अलग संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हत्याकांड के खुलासे में रूपापुर चौकी प्रभारी शिवशंकर मिश्रा, कांस्टेबल आशुतोष गुप्ता के साथ स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




