1.86 लाख किसानों की नहीं बनी फार्मर रजिस्ट्री, सरकारी योजनाओं से रहेंगे वंचित
Hardoi News - हरदोई में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन तकनीकी और सामाजिक कारणों से बड़ी संख्या में रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। उप निदेशक कृषि ने बताया कि 8 लाख 3 हजार 250 किसानों की रजिस्ट्री का लक्ष्य है, जिसमें से 6 लाख 16 हजार 949 रजिस्ट्री हो चुकी हैं।

हरदोई, संवाददाता। जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। लेकिन अभी भी अलग- अलग तकनीकी व सामाजिक कारणों से बड़ी संख्या में किसानों की रजिस्ट्री नहीं बन पाई हैं। उप निदेशक कृषि सतीश पांडे ने बताया कि शासन के निर्देश पर अभियान चलाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा रही है। इसके लिए गांव-गांव शिविर लगाए जा रहे हैं तथा कृषि विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। उप निदेशक कृषि ने बताया जनपद में कुल 8 लाख 3 हजार 250 किसानों की रजिस्ट्री तैयार करने का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष अब तक 6 लाख 16 हजार 949 किसानों की रजिस्ट्री बन चुकी है, जबकि अभी भी 1 लाख 86 हजार 301 किसानों की रजिस्ट्री शेष है। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री भविष्य में किसानों की पहचान का प्रमुख आधार बनेगी और इसके बिना सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं बनेगी, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, अनुदान, बीज वितरण, फसल बीमा और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी किसान समय रहते अपनी रजिस्ट्री अवश्य करवा लें。
पलायन बना बाधा, संपर्क स्थापित कर लक्ष्य पूरा करने की कवायद
उप निदेशक कृषि ने बताया कि कई मामलों में वरासत दर्ज न होने, नाम और अभिलेखों में मिसमैच तथा परिवारों के पलायन जैसी समस्याओं के कारण रजिस्ट्री कार्य प्रभावित हो रहा है। कई किसानों के आधार कार्ड, खतौनी और अन्य दस्तावेजों में नाम अलग-अलग दर्ज हैं, जिससे ऑनलाइन सत्यापन में दिक्कत आ रही है। वहीं कुछ किसान रोजगार के लिए बाहर रहने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों की रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी शिविर या जनसेवा केंद्र पहुंचकर जल्द प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि भविष्य में किसी योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


