Hardoi News: बेसहारा गोवंश के हमले से किसान की मौत
Hardoi News: मल्लावां में एक किसान, गौरव तिवारी, घर के बाहर पशुओं को चारा डालने गए थे तभी बेसहारा गोवंश ने उन पर हमला कर दिया। गौरव दीवार में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। यह घटना क्षेत्र में बेसहारा गोवंश की बढ़ती समस्या को उजागर करती है।

Hardoi News: मल्लावां। घर के बाहर पशुओं को चारा डालने गए किसान पर गोवंश ने हमला कर दिया। गोवंश ने किसान को दीवार में दबा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रविवार दोपहर ग्राम शुक्लापुर निवासी गौरव तिवारी अपने पशुओं को चारा डालने घर के बाहर गए थे। वहां पहले से मौजूद बेसहारा गोवंश ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान गौरव दीवार में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे पर तब तक गोवंश वहां से भाग गया।
परिजन गंभीर हालत में गौरव को सीएचसी मल्लावां लेकर पहुंचे। डॉ. दिव्यांश चंद्र बाजपेयी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरव खेती-किसानी करते थे और दो भाइयों में बड़े थे। परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके पीछे पत्नी, छह वर्षीय पुत्री अनन्या और चार वर्षीय पुत्र अवि हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में घूम रहे बेसहारा गोवंश को लेकर चिंता जताई है।


