ट्रक की टक्कर से खंती में पलटी कार, एक ही परिवार के पांच लोग घायल
हरदोई, संवाददाता। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह कटरा-बिल्हौर मार्ग पर गंगा एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज

हरदोई, संवाददाता। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह कटरा-बिल्हौर मार्ग पर गंगा एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज के नीचे सतौथा क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी की जान बच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार सांडी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी विशाल राठौर अपने परिवार के सदस्यों के साथ कार से बाबा नीम करौली के दर्शन करने जा रहे थे। कार सतौथा क्रॉसिंग के पास पहुंची ही थी कि सवायजपुर की ओर से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में कार चालक विशाल राठौर, उनके ताऊ श्रीकृष्ण, सीता, शिवांश राठौर और वंश राठौर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक विशाल राठौर की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


