सीतापुर मार्ग बदहाल, 84 कोसी परिक्रमा से पहले बढ़ी चिंता
Hardoi News - सीतापुर मार्ग पर नया गांव से बरगदिया पुल तक की सड़क की हालत बेहद खराब है। बड़े गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं। राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शिकायत की है कि प्रशासन की तैयारियां केवल कागजों तक ही सीमित हैं, जबकि 84 कोसी परिक्रमा भी इसी मार्ग से गुजरने वाली है।
बेनीगंज। सीतापुर मार्ग पर नया गांव से बरगदिया पुल तक सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। मार्ग जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील नजर आ रहा है। इससे छोटे-बड़े वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं। राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग नैमिषारण्य के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है। यहां सुबह से शाम तक हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है। जनप्रतिनिधि और उच्च अधिकारी भी इसी मार्ग से नैमिष दर्शन के लिए आते-जाते हैं। बावजूद इसके सड़क की दुर्दशा पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आगामी माह में 84 कोसी परिक्रमा भी इसी मार्ग से होकर गुजरेगी, लेकिन शासन-प्रशासन की तैयारियां सिर्फ कागजों तक ही सीमित दिखाई दे रही हैं।
पूर्व में साधु-संतों ने मुख्यमंत्री तक अपनी पीड़ा पहुंचाई थी, लेकिन उसके बाद भी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका। प्रतापनगर चौराहा निवासी अमित शुक्ला उर्फ गुड्डू का कहना है कि जिम्मेदार मंचों से बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और ही बयां कर रही है। वहीं प्रतापनगर निवासी अखिलेश तिवारी बताते हैं कि उनकी दुकान के सामने वाहन सड़क की खराब हालत के कारण रुक जाते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। प्रतापनगर निवासी शशिकांत शुक्ला का कहना है कि जब मामला गंभीर होता है तो केवल खानापूर्ति के लिए गड्ढे भर दिए जाते हैं, जिससे कुछ ही दिनों में सड़क फिर से ध्वस्त हो जाती है। अमन तिवारी उर्फ कल्लू ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजों में कार्य दिखाकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




