
चीनी मिल कर्मचारी से साइबर ठगों ने डेढ़ लाख रुपये हड़पे
Hardoi News - हरदोई के रूपापुर चीनी मिल के कर्मचारी कृष्णा प्रसाद राय ने एक साइबर ठग से 1.5 लाख रुपये खो दिए। ठग ने खुद को अर्जुन बताते हुए और फर्जी मैसेज भेजकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा। तीन दिन बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
हरदोई, संवाददाता। रूपापुर चीनी मिल के एक कर्मचारी के साथ साइबर ठगों ने दोस्त बनकर रुपये भेजने के फर्जी मैसेज दिखाकर पीड़ित से करीब डेढ़ लाख अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। तीन दिन बाद पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। बिहार मिर्जापुर सारन छपरा निवासी कृष्णा प्रसाद राय रूपापुर चीनी मिल में नौकरी करते हैं। वर्तमान में वह भगवन्तपुर में किराए के मकान में रहते हैं। बताया, बुधवार को मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और उसने खुद को अर्जुन बताते हुए बात शुरू की। ठग ने कहा कि उसकी मां वेदांता लखनऊ में भर्ती हैं और इलाज के लिए रुपये की जरूरत है पर उसके मोबाइल से लेन-देन नहीं हो पा रहा है।
इसलिए वह उनके खाते में रुपये भेज रहा है, तुम मेरे नंबर पर वापस भेज दो। इसके बाद ठग ने रुपये भेजने के फर्जी मैसेज उनके मोबाइल पर भेज दिए। मैसेज देखकर कृष्णा प्रसाद ने अपने दो खातों से छह बार में कुल एक लाख 50 हजार 776 रुपये पेटीएम से ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने खाता चेक किया तो कोई रकम नहीं आई थी, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एसओ सोमपाल गंगवार ने बताया कि अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




