
कान्हा गोशाला में बने कमरों की दीवारों और लिंटर के बीच आई दरार
Hardoi News - पिहानी में बनी कान्हा गोशाला के कमरों में तीन साल में दरारें आ गई हैं, जिससे गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने जांच की मांग की है। गोशाला की क्षमता 500 मवेशियों की है और निर्माण के समय भी गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। मामले की जांच कराई जाएगी।
पिहानी। करीब एक करोड़ 64 लाख की लागत से बनी कान्हा गोशाला में बने कमरों की दीवारों में तीन साल में दरारें पड़ने लगी हैं। लिंटर और दीवार के बीच में आई दरार गुणवत्ता पर सवाल उठाने लगी है। ग्रामीणों ने जांच कराकर सुधार कराए जाने की मांग की है। 500 मवेशियों की क्षमता वाली कान्हा गोशाला साल 2022 में बनकर तैयार हो गयी थी। गोशाला निर्माण के दौरान ही कई बार गुणवत्ता पर सवाल भी उठे, लेकिन जिम्मेदारो ने शायद उसे गंभीरता से नही लिया। गोशाला का संचालन भी शुरू कर दिया। नतीजतन कुछ सालों में ही गोशाला में बनाए गए केयर टेकर रूम और दाना स्टोर की दीवार और लिंटर के बीच मे आई दरार हकीकत बयां करने लगी है।
लोगों का कहना है कि लाखों खर्च होने के बाद चंद सालों में ही जब दरारें पड़ने लगी हैं तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगे हालात क्या रहेंगे। भाकियू राजनैतिक के जिलाध्यक्ष राहुल मिश्रा ने कहा कि कान्हा गौशाला के निर्माण के दौरान ही गुणवत्ताविहीन कार्य को लेकर भारतीय किसान यूनियन के द्वारा प्रदर्शन कर जांच की मांग की गई थी। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी के द्वारा गठित टीम की जांच में मानक विहीन कार्य की पुष्टि हुई थी। इसमें साफ तौर पर मानक विहीन कार्यों को ध्वस्त करने व कार्य करने वाली संस्था को ब्लैक लिस्टेड करने की संस्तुति की गई थी। लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बरती गई। ईओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल कराई जाएगी। कमियों को संबंधित ठेकेदार से दुरुस्त कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




