कटरी छिबरामऊ में करोड़ों की अनियमितताओं का आरोप
Hardoi News - हरदोई में कटरी छिबरामऊ ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में करोड़ों रुपये के सरकारी धन में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत पर आयुक्त ने जांच के निर्देश दिए हैं। आरोप है कि फर्जी भुगतान, कागज़ों पर कार्य और अन्य गड़बड़ियों के चलते विकास योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हुआ है।

हरदोई। बिलग्राम विकास खंड की कटरी छिबरामऊ ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपये की सरकारी धनराशि में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप गंभीर रूप से सामने आए हैं। इस मामले में शिकायत प्राप्त होने पर आयुक्त, लखनऊ मंडल ने जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। चौधरीपुरवा निवासी राजमंगल राजपूत ने शिकायत में तालाब जीर्णोद्धार, मिट्टी कार्य, इंटरलॉकिंग, समतलीकरण, नाले और वृक्षारोपण सहित अनेक विकास योजनाओं पर सरकारी धनराशि से विकास न करवा कर गड़बड़ी किए जाने की शिकायत की है। आरोप हैं, अधिकांश कार्य जमीन पर नहीं दिखते और केवल कागज़ों में ही पूरे कर दिए गए।
भुगतान के लिए पोर्टल पर फर्जी फोटो अपलोड की गईं, जिनमें नाबालिग बच्चों और बुजुर्गों को मजदूर दिखाया गया है। वहीं सोनारीपुरवा, मोहनपुरवा, जफरपुर और राजघाट रोड समेत कई स्थानों पर कार्य स्वीकृत दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। प्रशासनिक मद में भी मनमानी व्यय दर्शाकर धन निकासी की बात सामने आई है। वृद्धावस्था पेंशन वालों को मजदूरी दी जा रही है। फर्जी वॉउचर से लाखों का भुगतान किया गया है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि हर कार्य के प्रारंभ, मध्य और समापन की तस्वीरें तथा दस्तावेज मांगे जाएं, ताकि सच्चाई उजागर हो सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




