Hardoi News: जिला पंचायत अध्यक्ष पर टिप्पणी से विवाद, शराफत ने दी सफाई
Hardoi News: हरदोई के गोपामऊ विधानसभा में पीडीए जन चौपाल के दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पर टिप्पणी की। विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई दी, जबकि प्रेमावती ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रेमावती ने टिप्पणी को जातिसूचक बताया और अपने समाज पर गर्व व्यक्त किया।

Hardoi News: हरदोई। गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पीडीए जन चौपाल में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती को लेकर की गई टिप्पणी का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आने के बाद शराफत अली ने बुधवार रात सफाई दी। वहीं प्रेमावती ने टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है। जन चौपाल का आयोजन सपा नेता फूलचंद वर्मा की ओर से किया गया था। सामने आए वीडियो में शराफत अली आरक्षण व्यवस्था का जिक्र करते हुए प्रेमावती को लेकर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मुलायम सिंह यादव ने आरक्षण व्यवस्था को मजबूत नहीं किया होता तो प्रेमावती आज अपने पारंपरिक काम में लगी होतीं। विवाद बढ़ने पर शराफत अली ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उनका मकसद मुलायम सिंह यादव की ओर से लागू की गई आरक्षण व्यवस्था की तारीफ करना था। उन्होंने कहा कि इसी व्यवस्था से पिछड़े और दलित वर्ग की महिलाएं ऊंचे पदों तक पहुंच सकीं। उधर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें अपने समाज से होने पर गर्व है। उन्होंने टिप्पणी को जातिसूचक और अपमानजनक बताते हुए कहा कि इससे वह आहत हैं। उन्होंने एसपी को तहरीर देकर शराफत अली के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही। प्रेमावती ने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें पढ़ाया और शिक्षक बनाया, जबकि राजनीति में उन्हें भाजपा ने अवसर दिया। बता दें कि इससे पूर्व जून में भी शराफत अली से जुड़े एक कथित वीडियो को लेकर विवाद हुआ था। उस मामले के बाद सपा की हरदोई जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी।

