संभावित प्रत्याशी को धमकाते हुए की फायरिंग, प्रधान पुत्र गिरफ्तार
Hardoi News - हरदोई जिले में पंचायत चुनाव के दौरान सहसोगा गांव में प्रधान पुत्रों ने संभावित प्रत्याशी महेश पाल सिंह को गालियाँ दीं और फायरिंग की। उन्हें चुनाव न लड़ने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत...

हरदोई, संवाददाता। हरदोई जिले में पंचायत चुनाव की आहट शुरू होते ही विवाद शुरू होने लगे हैं। इसी कड़ी में पचदेवरा थाने के सहसोगा गांव में प्रधान पुत्रों ने संभावित प्रत्याशी को गाली-गलौज कर फायरिंग की। प्रधानी का चुनाव न लड़ने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को एक प्रधान पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। भरखनी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखनौर के मजरा सहसोगा गांव निवासी महेश पाल सिंह उर्फ कल्लू प्रधानी के संभावित प्रत्याशी हैं। गांव किनारे उत्तर दिशा में उनकी दुकान है। इस पर वह बीते मंगलवार को खाना खा रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान मौजूदा ग्राम प्रधान मुन्नी देवी के पुत्र मनोज सिंह, शशिभान सिंह, मुन्ना सिंह, सोनू उर्फ सोमेंदर सिंह एवं पौत्र रानू सिंह आए। उन्हें गाली गलौज करते हुए प्रधानी का चुनाव न लड़ने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर मनोज सिंह ने राइफल से दो फायर कर दिए। वह कुर्सी से नीचे गिर गया, जिससे उन्हें गोली नहीं लगी। आरोपी सोनू सिंह ने भी तमंचे से फायर की कोशिश की लेकिन कारतूस मिस हो गया। पीड़ित महेश पाल सिंह ने पचदेवरा थाने में तहरीर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश पाण्डेय ने बताया कि शुक्रवार को थाने की पुलिस टीम ने उपरोक्त मुकदमे से संबंधित नामजद आरोपी मुन्ना सिंह पुत्र रमेश सिंह को गिरफ्तार किया। प्रकरण में अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




