छात्रावास बने तो मिले रहने का ठिकाना
Hardoi News - हरदोई के बिलग्राम-हरदोई हाईवे पर स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में 16 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास का निर्माण शुरू होने का इंतजार है। शासन स्तर से मंजूरी मिलने पर नए सत्र में 225 विद्यार्थियों को आवास उपलब्ध होगा। कृषि मंत्री के समक्ष मामले को फिर से उठाया जाएगा।

हरदोई, वरिष्ठ संवाददाता। बिलग्राम-हरदोई हाईवे किनारेसंचालित राजकीय कृषि महाविद्यालय में 16 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास भवन का निर्माण शुरू होने का इन्तजार हो रहा है। शासन स्तर से डीपीआर को हरी झंडी मिलने के बाद काम शुरू हो सकेगा। तभी नए सत्र में विद्यार्थियों को रहने के लिए यहां पर आवास मिल सकेगा। राजकीय कृषि महाविद्यालय में पहले सत्र में 85 छात्र छात्राओं का दाखिला हुआ है। इनमें से 75 विद्यार्थी यहां पर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जबकि 10 छात्राएं कानपुर चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में अध्ययनरत हैं। ये परिसर में पूर्व से बने छात्रावास में रह रहे हैं।
नए सत्र में फिर छात्रों के नए बैच के दाखिले होंगे। इनको रखने के लिए छात्रावास भवन बनाने की आवश्यकता है। यदि भवन बनकर तैयार न हुआ तो विद्यार्थियों को आवासीय दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। नए सत्र की शुरुआत अगस्त से सितंबर माह में होगी। बताते हैं कि कृषि मंत्री के सामने छात्रावास भवन बनाने में हो रहे विलंब का मामला पहुंच चुका है। यहां पर करीब 225 विद्यार्थियों के लिए 16 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी मिली है। महाविद्यालय के डीन सीएल मौर्या का कहना है कि शासनादेश जारी हो चुका है। यूपी सिडको को कार्यदाई संस्था बनाया गया है। वही छात्रावास बनाएगी। आठ जनवरी को कानपुर में कृषि मंत्री का कार्यक्रम है। उनके आगमन पर यह मामला पुन: रखेंगे। ताकि कागजी औपचारिकताएं पूरी हों और बजट जारी कर काम शुरू हो सके। उन्होंने बताया कि छात्रावास न बना तो नए सत्र में विद्यार्थियों को रखने में दिक्कत होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




