पांच साल की बेटी बनी मां की ढाल, सूझबूझ से टली बड़ी वारदात
Hardoi News - हरदोई में संपत्ति विवाद के दौरान एक पांच साल की बेटी यशी ने अपनी माँ पूजा श्रीवास्तव को हमलावरों से बचाया। आरोपी पिता-पुत्र ने पूजा पर हमला किया, लेकिन यशी ने हिम्मत दिखाई और पुलिस को बुलाया। पुलिस ने समय पर पहुंचकर हमलावरों को गिरफ्तार किया। मां-बेटी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

हरदोई। संपत्ति के विवाद में महिला पर हुए हमले के दौरान उसकी पांच साल की बेटी ढाल बन गई। मासूम की सूझबूझ से एक बड़ी वारदात टल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। नुमाइश पुरवा निवासी पूजा श्रीवास्तव का अपने दिवंगत पति अभिषेक श्रीवास्तव के पैतृक मकान को लेकर ममिया ससुर विनोद श्रीवास्तव से विवाद चल रहा है। एक फरवरी को पूजा ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और बेटे उत्कर्ष के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया। शनिवार को पूजा अपनी पांच साल की बेटी यशी के साथ घर पहुंचीं तो आरोपितों ने समझौते का दबाव बनाया।
विरोध करने पर पहले मासूम यशी पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद पूजा को घेरकर बेरहमी से पीटा जाने लगा। घर के भीतर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान घायल और डरी हुई यशी हिम्मत जुटाकर सीधे शहर कोतवाली पहुंची और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई। बच्ची की बात सुनकर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और उसके साथ मौके पर पहुंची। वहां महिला पर हमला कर रहे विनोद और उत्कर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मां-बेटी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मासूम की बहादुरी और सूझबूझ से समय रहते कार्रवाई संभव हो सकी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


