निजी बैंक के मैनेजर की पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, हत्या का आरोप
हरदोई में एक निजी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर की पत्नी ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर जान दी है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आलू थोक मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहे निजी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर की पत्नी ने सोमवार को संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर निवासी अमर सिंह की 25 वर्षीय बेटी अंजू देवी की शादी तीन साल पहले पिहानी थाना क्षेत्र के लीलापुर जमुही गांव निवासी विकट बहादुर गौतम से हुई थी। विकट बहादुर गौतम आईसीआईसीआई बैंक में पब्लिक रिलेशनशिप मैनेजर हैं। वह पत्नी के साथ शहर के आलू थोक मोहल्ले में बावन चुंगी के पास किराये के मकान में रहते हैं。
मामले का विवरण
परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे विकट बैंक चले गए थे। तभी किसी बात को लेकर अंजू ने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मायका पक्ष भी पहुंच गया। अंजू के पिता अमर सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया है। अंजू का डेढ़ साल का बेटा विराज है। पिता का आरोप है कि पति अक्सर बेटी को बेवजह प्रताड़ित करता था।
पुलिस की कार्रवाई
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


