संडीला स्टेशन की ऑटोमैटिक टिकट मशीन बनी शोपीस
हरदोई, संवाददाता। भारतीय रेलवे यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के दावे कर

हरदोई, संवाददाता। भारतीय रेलवे यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के दावे कर रहा है, लेकिन संडीला रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लंबे समय से खराब पड़ी होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर मशीन बंद होने से अनारक्षित टिकट लेने के लिए यात्रियों को टिकट खिड़की पर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। स्थानीय यात्रियों के अनुसार स्टेशन पर स्थापित एटीवीएम पहले टिकट वितरण में काफी सहायक साबित हो रही थी। यात्री स्वयं मशीन से टिकट प्राप्त कर लेते थे। इससे टिकट काउंटर पर भीड़ कम रहती थी।
समय की बचत होती थी। लेकिन कई दिनों से मशीन खराब होने के कारण अब पूरी व्यवस्था टिकट काउंटर के भरोसे चल रही है। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब किसी ट्रेन के आगमन का समय नजदीक होता है। टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी लाइन लग जाती है। कई बार लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। जल्दबाजी में यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन छूटने का डर भी सताता रहता है। यात्रियों का आरोप है कि मशीन खराब होने की जानकारी रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों को है, इसके बावजूद अब तक इसे ठीक कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि एटीवीएम को जल्द दुरुस्त कराया जाए, जिससे टिकट वितरण व्यवस्था सुचारु हो सके और यात्रियों को राहत मिल सके। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़ी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि अनारक्षित टिकट लेने में होने वाली परेशानियां दूर हों और स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


