बंदर और कुत्ते पकड़कर नगर सीमा से बाहर छुड़वाने पर भी बनी सहमति
Hardoi News - पाली नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में 2026-27 के लिए प्रस्तावित आय-व्यय बजट को मंजूरी दी गई। इस बैठक में नगर के विकास कार्यों, जैसे ओपन जिम, सड़क-नाली निर्माण और बंदरों, कुत्तों को पकड़ने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। चेयरमैन रिजवान खां ने कहा कि इन कार्यों से नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
पाली। नगर पंचायत पाली के सभागार में में गुरुवार को चेयरमैन रिजवान खां की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित आय-व्यय बजट सहित विभिन्न विकास कार्यों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। नगर के विकास एवं बंदर, कुत्तों को पकड़वाए जाने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति दी गई। बैठक में उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी मयंक कुंडू ने सबसे पहले पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की। इसके बाद दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के आय-व्यय विवरण को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित बजट में 29 करोड़ 11 लाख रुपये की अनुमानित आय और 28 करोड़ 40 लाख रुपये के अनुमानित व्यय को स्वीकृति दी गई।
बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसके तहत मोहल्ला शेखसराय अहमदपुर में अंबेडकर पार्क में ओपन जिम की स्थापना कराई जाएगी। वहीं वार्ड संख्या 12 भगवंतपुर में रघुवीर की दुकान से नहर रोड तक सड़क और नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा राज्य वित्त आयोग की धनराशि से नगर के विभिन्न मोहल्लों में खराब बल्बों के स्थान पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। विभिन्न क्षेत्रों में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। नगर में बढ़ती बंदरों और कुत्तों की समस्या को देखते हुए उन्हें पकड़कर नगर सीमा से बाहर छुड़वाने और नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। चेयरमैन रिजवान खां ने बताया कि स्वीकृत विकास कार्यों के माध्यम से नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर के समग्र विकास को गति मिलेगी। बैठक में नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक राकेश दीक्षित बबलू एवं सभासद मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


